रांची में बढ़ते जल संकट से निपटने की तैयारी, नगर निगम ने कसी कमर

News Update
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Water Crisis: गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से जूझ रहे इलाकों को राहत देने के लिए नगर निगम (Municipal council) ने जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।

बढ़ती गर्मी और संभावित जल संकट (Water Crisis) को ध्यान में रखते हुए, नगर निगम ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और नागरिकों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

नगर निगम के मुताबिक, अगर किसी क्षेत्र में पानी की समस्या आती है, तो लोग 18005701235 या 9431104429 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने की पहल

शहर में पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए 2508 चापाकल, 1674 मिनी HYDT (हैंडपंप) और 174 HYDTW (गहरे नलकूप) सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। नगर निगम ने इन जल स्रोतों की नियमित जांच और मरम्मत के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।

ये टीमें कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता के निर्देशन में काम कर रही हैं, ताकि किसी भी खराबी को तुरंत ठीक किया जा सके और नागरिकों को बिना रुकावट जल आपूर्ति मिलती रहे।

नि:शुल्क टैंकर सेवा से मिलेगी राहत

गर्मी के कारण शहर के कई इलाकों में जल संकट गहरा सकता है, इसको ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 65 स्थानों पर मुफ्त टैंकर जल सेवा शुरू की है।

यह सेवा उन इलाकों में दी जा रही है जहां पानी की आपूर्ति बाधित हो सकती है या प्राकृतिक स्रोत सूखने की संभावना है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना और गर्मी के महीनों में नागरिकों को राहत देना है।

नगर निगम की अपील – पानी का करें समझदारी से इस्तेमाल

नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें और बर्बादी से बचें। अधिकारियों ने कहा कि अगर किसी इलाके में जल संकट उत्पन्न होता है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।

Share This Article