
Stray Dog Attack : धनबाद जिले के गोनुडीह ओपी क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के हमले में 5 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित अपने घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना गोंदूडीह क्षेत्र स्थित भोलानाथ बसेरिया, 4 नंबर यादव बस्ती की बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस समस्या को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक पर नियंत्रण पाने के लिए जल्द कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

