Padma Bhushan: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनकी पत्नी रूपी सोरेन को यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मान ग्रहण करते समय रूपी सोरेन भावुक नजर आईं। इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन और शिबू सोरेन की बेटी अंजलि सोरेन भी मौजूद थीं।
शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और झारखंड के लोगों की आवाज उठाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनके इसी योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में से एक पद्म भूषण से सम्मानित किया है।
झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल शिबू सोरेन का सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड की जनता, आदिवासी समाज और अलग राज्य आंदोलन से जुड़े लाखों लोगों के संघर्ष का सम्मान है। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय तथा वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। नेमरा गांव से शुरू हुआ उनका संघर्ष झारखंड राज्य निर्माण तक पहुंचा और उन्होंने अपने नेतृत्व व जनसमर्पण से करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं को आवाज दी।
विनोद पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में रूपी सोरेन द्वारा यह सम्मान ग्रहण किया जाना पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पद्म भूषण के माध्यम से राष्ट्र ने गुरुजी के ऐतिहासिक योगदान को स्वीकार किया है, लेकिन उनका मानना है कि शिबू सोरेन के व्यापक सामाजिक, राजनीतिक और मानवीय योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से भी सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस दिशा में गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी शिबू सोरेन को पद्म भूषण दिए जाने पर खुशी जताई और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शिबू सोरेन के आजीवन संघर्ष, जनसेवा, आदिवासी अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान है।
आदित्य साहू ने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि झारखंड की जनजातीय अस्मिता, संघर्षशील परंपरा और गौरवशाली विरासत के प्रतीक थे। उन्होंने शराबबंदी, महाजनी प्रथा और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी निरंतर संघर्ष किया।


