पत्रकार अभिषेक भारती की सुरक्षा को लेकर रांची प्रेस क्लब सक्रिय, हाईकोर्ट से लेकर सरकार तक पहुंचाई गई मांग

पत्रकार अभिषेक भारती की सुरक्षा व इलाज को लेकर रांची प्रेस क्लब सक्रिय, हाईकोर्ट और सरकार को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच व पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने की मांग।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में पत्रकारों की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए और अभिषेक भारती की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

व्हीलचेयर पर अदालत पहुंचने के बाद बढ़ी चिंता

जानकारी के अनुसार, अभिषेक भारती फिलहाल न्यायिक हिरासत में सिमडेगा जेल में बंद हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की खबरें सामने आई थीं। वहीं, अदालत में उन्हें व्हीलचेयर पर लाए जाने की घटना के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

रांची प्रेस क्लब के अनुसार, अभिषेक भारती पहले से मधुमेह और उच्च रक्तचाप की समस्या से पीड़ित हैं। ऐसे में पत्रकारों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने और जेल में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हाईकोर्ट और सरकार को भेजा गया पत्र

मामले में हस्तक्षेप की मांग को लेकर रांची प्रेस क्लब ने झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, गृह विभाग के प्रधान सचिव और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजा है।

पत्र के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गई हैं

  • पुलिस हिरासत में कथित मारपीट की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए।

  • अभिषेक भारती का स्वतंत्र चिकित्सकीय परीक्षण हो।

  • संबंधित CCTV फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए।

  • जेल में उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

  • बेहतर इलाज के लिए एम्स, नई दिल्ली में चिकित्सा व्यवस्था की जाए।

  • जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरी जेल में स्थानांतरित करने पर विचार किया जाए।

पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित

बैठक में मामले के कानूनी और न्यायिक पहलुओं पर आगे की कार्रवाई के लिए एक समिति बनाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की गई है।

यह कमेटी मामले से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों का आकलन करेगी।

देशभर के पत्रकार संगठनों से एकजुटता की अपील

रांची प्रेस क्लब ने देशभर के प्रेस क्लबों, पत्रकार संगठनों और मीडियाकर्मियों से इस मामले में एकजुटता दिखाने की अपील की है।

क्लब का कहना है कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कानूनी अधिकारों का सवाल किसी एक राज्य या संगठन तक सीमित नहीं है। पुलिस हिरासत में कथित हिंसा के मामलों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

फिलहाल प्रेस क्लब ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच, बेहतर इलाज और अभिषेक भारती की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। वहीं, पुलिस हिरासत में कथित मारपीट के आरोपों की आधिकारिक जांच और उसके निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।