
रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल के 10 रेलकर्मी मंगलवार को सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल सभागार आरोहण में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति से संबंधित सभी भुगतान एवं आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए। समारोह को संबोधित करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों, उनके परिजनों, उपस्थित अधिकारियों, यूनियन प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने भारतीय रेल की दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवा के लिए सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके योगदान ने रेल प्रशासन को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सभी को सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में ओटीपी (OTP) आपके हस्ताक्षर के समान महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे किसी भी परिस्थिति में किसी के साथ साझा न करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध अथवा धोखाधड़ी वाले फोन कॉल से डरने की आवश्यकता नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता, विवेक और समझदारी से कार्य करना ही सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि जीवन के आगामी चरण में अपने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखें, नियमित व्यायाम करने के साथ स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाएं।
संचालन कर रहे सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी आलोक कुमार राय ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सेवा का समापन नहीं, बल्कि जीवन के एक नए और सुखद अध्याय का प्रारंभ है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति उपरांत भी अपने अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों का सुरक्षित रखरखाव करें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर सीधे संबंधित रेलवे कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे प्रशासन सदैव अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में ऑल इंडिया रेलवे रिटायर्ड फेडरेशन, रांची के सचिव चंचल सिंह ने भी सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

