सदर रांची को मिला मुस्कान क्वालिटी सर्टिफिकेशन, झारखंड का पहला अस्पताल बना

रांची सदर अस्पताल ने MusQan क्वालिटी सर्टिफिकेशन हासिल कर नया इतिहास रचा है। यह उपलब्धि पाने वाला झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को पहचान मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : सदर अस्पताल रांची ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए मुस्कान (MusQan Quality Certification) सर्टिफिकेशन प्राप्त किया है। इसके साथ ही सदर अस्पताल झारखंड का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है, जिसे यह प्रतिष्ठित सर्टिफिकेशन मिला है। अस्पताल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के अंतर्गत हुए मूल्यांकन में 96.61 प्रतिशत अंक हासिल किए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल के SNCU (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) को 98 प्रतिशत, पीडियाट्रिक वार्ड को 97.96 प्रतिशत तथा पीडियाट्रिक ओपीडी को 93.84 प्रतिशत अंक मिले। यह सर्टिफिकेशन बच्चों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बाल-अनुकूल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दिया जाता है।

अस्पताल में 29 और 30 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय मूल्यांकनकर्ताओं की टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया था। इस दौरान सेवा, मरीजों के अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, क्लिनिकल प्रोटोकॉल, गुणवत्ता प्रबंधन और चाइल्ड-फ्रेंडली वातावरण जैसे विभिन्न मानकों का आकलन किया गया, जिसमें अस्पताल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

अस्पताल प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय सिविल सर्जन, उपाधीक्षक, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास को दिया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग, अभियान निदेशक, राज्य नोडल पदाधिकारी (क्वालिटी एश्योरेंस सेल), राज्य सलाहकार और विभिन्न मेंटर्स के मार्गदर्शन को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। उपाधीक्षक ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे रांची जिला और झारखंड के लिए गर्व का विषय है। अब अस्पताल का लक्ष्य इस गुणवत्ता स्तर को बनाए रखना और राज्य के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणा बनना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।