
जमशेदपुर : हावड़ा ब्रिज के समीप मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डस्ट लदी हाइवा बर्मामाइंस की ओर से साकची जा रही थी। इसी दौरान हावड़ा ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद हाइवा सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने और नियमित निगरानी की मांग की है।

