रांची : आजसू के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा है कि सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। क्या झारखंड में एक आम नागरिक और सत्ता पक्ष से जुड़े विधायक के लिए कानून के मापदंड अलग-अलग होंगे? यह सवाल केवल एक व्यक्ति या एक मामले तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास से जुड़ा है।

डॉ भगत ने कहा कि पीड़िता की ओर से दर्ज कराए गए बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। पीड़िता की सुरक्षा, सम्मान और गोपनीयता सुनिश्चित करते हुए पूरे प्रकरण की जांच किसी भी राजनीतिक प्रभाव, दबाव अथवा हस्तक्षेप से मुक्त होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था की विश्वसनीयता बड़े-बड़े दावों से नहीं, बल्कि प्रभावशाली और राजनीतिक रूप से रसूखदार व्यक्तियों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई से स्थापित होती है। आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से ही होना चाहिए, लेकिन यह सरकार की जिम्मेदारी है कि जांच किसी भी स्तर पर प्रभावित न हो और सच्चाई सामने आने में अनावश्यक विलंब न किया जाए। राज्य सरकार इस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करे। झारखंड की जनता को यह भरोसा मिलना चाहिए कि राज्य में कानून का शासन सर्वोपरि है और कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल, पद या प्रभाव से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।



