रांची: राजधानी रांची में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। मेसरा स्थित बीआईटी थाना क्षेत्र के देवी दर्शन अंतर्गत वैष्णवी नगर में चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था और पूरा परिवार छठ पर्व मनाने गांव गया हुआ था।

छठ मनाने छपरा गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी
जानकारी के मुताबिक गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने बिहार के छपरा जिले के परसा गांव गए हुए थे। इसी दौरान रविवार को चोरों ने घर को सूना पाकर वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

घर लौटने पर चला चोरी का पता, पुलिस जांच में जुटी
परिवार जब वापस घर लौटा तो वहां का हाल देखकर चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बीआईटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।


