डेस्क: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस, अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। इसी दौरान गूलर बाजार के पास पुल पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस गहरी खाई में जा गिरी। देखते ही देखते बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे पानी में समा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 20 घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 6 लोगों की जान चली गई है।

एसडीआरएफ की कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं
एसडीआरएफ के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई थीं। मौके पर पहुंचते ही जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमों को भी घटनास्थल के लिए भेजा गया है। पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। खाई में फंसे अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
रुद्रप्रयाग में खाई में गिरी मैक्स, 4 की मौत
उत्तराखंड में सड़क हादसे की दूसरी बड़ी घटना रुद्रप्रयाग जिले में सामने आई। यहां सोमवार रात शादी समारोह से लौट रहे लोगों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्यूंजा घाटी में कंडारा के पास रात करीब 9 बजे एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसे के वक्त मैक्स में कुल 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।


