रांची: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शनिवार को सदर अस्पताल रांची में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सतत जीवन के लिए स्तनपान: जो प्रभावी है, उसे और मजबूत बनाएं थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है। जन्म के तुरंत बाद दिया जाने वाला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) प्राकृतिक टीके की तरह काम करता है, जो बच्चे को संक्रमणों से बचाता है। उन्होंने माताओं से अपील की कि शिशु को शुरुआती 6 महीने तक केवल स्तनपान कराएं और इस दौरान पानी भी न दें। साथ ही बारिश के मौसम में स्वच्छता के अभाव से होने वाले डायरिया से बचाने के लिए बोतल से दूध न पिलाने की सलाह दी।

स्वास्थ्य निदेशक डॉ. प्रभात कुमार ने नवजात मृत्यु दर (NMR) को कम करने में स्तनपान की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू कराने से शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। साथ ही, उन्होंने सही पोजीशन, लैचिंग और धात्री माताओं के पोषण पर जोर दिया, जिससे मां को स्तन व अंडाशय के कैंसर का खतरा भी कम होता है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता कात्यायन ने प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि जीवन के शुरुआती 1,000 दिन बच्चे के विकास की नींव होते हैं। जन्म के पहले घंटे (गोल्डन आवर) में स्तनपान कराने से नवजात मृत्यु दर में भारी कमी आती है और बच्चे 22% कम बीमार पड़ते हैं।

वहीं सिविल सर्जन डॉ. अमरिंदर प्रसाद और राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक ने स्तनपान को कुपोषण, डायरिया व निमोनिया से बचाव का सबसे प्रभावी साधन बताया। कार्यक्रम के दौरान संतोष कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और एएनएम स्कूल की छात्राओं ने क्विज प्रतियोगिता के जरिए जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. लाल मांझी, डॉ. बिमलेश सिंह, डॉ. असीम मांझी सहित कई चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में गर्भवती व धात्री माताएं मौजूद रहीं।


