रांची में बच्चों पर भी स्वाइन फ्लू का खतरा, 3 बच्चे अस्पताल में भर्ती; 5 माह की बच्ची वेंटिलेटर पर

रांची में स्वाइन फ्लू ने बच्चों की चिंता बढ़ाई, तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। पांच माह की बच्ची वेंटिलेटर पर है, स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाई।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब बच्चों तक भी पहुंचता दिख रहा है। रानी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। इनमें पांच माह की एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। बच्ची को उसके परिजन गुरुवार को भागलपुर से रांची लेकर पहुंचे थे।

रानी अस्पताल के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार के अनुसार, अस्पताल में तीन बच्चे स्वाइन फ्लू से पीड़ित हैं। इनमें पांच माह की बच्ची की स्थिति गंभीर है। डॉक्टर लक्षणों के आधार पर उसका इलाज कर रहे हैं। वहीं, रिम्स के शिशु विभाग में फिलहाल स्वाइन फ्लू से संक्रमित किसी बच्चे के भर्ती होने की जानकारी नहीं है।

परिवार के सदस्यों से बच्चों तक पहुंच रहा संक्रमण

विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण कई बार परिवार के किसी संक्रमित सदस्य के संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में अगर घर में किसी व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें, तो बच्चों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

संक्रमित व्यक्ति को बच्चों से दूरी बनाए रखने के साथ मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। बच्चों में सांस लेने में परेशानी, लगातार बुखार या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने खासकर दूसरे राज्यों और शहरों से झारखंड आने वाले मरीजों को लेकर विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है।

मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों के साथ ऑनलाइन बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में बताया गया कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए कई मरीज हाल में दूसरे राज्यों या शहरों की यात्रा कर झारखंड लौटे हैं।

एयरपोर्ट, स्टेशन और बस अड्डों पर सतर्कता

स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।

विभाग का कहना है कि गंभीर मरीजों की जांच और निगरानी की जा रही है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत

सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने और बीमार व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचने की अपील की है।

खासकर छोटे बच्चों और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के परिजनों को उनके स्वास्थ्य पर नजर रखने और लक्षण गंभीर होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।