
रांची : जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सैलून दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने सैलून संचालक 44 वर्षीय तीजनाथ हजाम को गिरफ्तार किया है. आरोपी तमाड़ थाना क्षेत्र के देउड़ी गांव का रहने वाला है। इस संबंध में तमाड़ थाना कांड संख्या-36/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा-20 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को 21 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि मां होटल के समीप पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक सैलून दुकान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सैलून दुकान की तलाशी ली, जहां से करीब 3.9 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया गया।

