मुहर्रम को लेकर रांची नगर निगम में बैठक, सफाई और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने का अपर नगर आयुक्त ने दिया निर्देश

रांची में मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने बैठक की। जुलूस मार्गों की सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को रांची नगर निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न अखाड़ा समितियों, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी तथा शांति समिति के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने मुहर्रम जुलूस के दौरान नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव एवं मांगें रखीं। प्रतिनिधियों ने जुलूस मार्गों की विशेष सफाई, पेयजल की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता तथा नाला-नालियों की सफाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की भी मांग की गई।

अपर नगर आयुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शाखाओं को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी। इस दौरान निगम अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कचरे का जमाव नहीं होने देने, जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय रखने तथा नालों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पेयजल टैंकर, चलंत शौचालय और स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। अपर नगर आयुक्त ने लोगों से भी सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा नहीं फैलाने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।