रांची में यहां बाइक से मंदिर जा रहा था परिवार, रास्ते में ट्रक ने लिया चपेट में, छह माह के बच्चे और उसकी बड़ी बहन की मौत

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ स्थित गुमला पेट्रोल पंप के पास रविवार को सड़क दुर्घटना हो गयी।

इसमें दो बच्चों की मौत हो गयी, जबकि उनकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल महिला का इलाज रिम्स में चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार रांची के डेली मार्केट थाना क्षेत्र के लेक रोड स्थित नाजिर लेन निवासी विनय वर्मा का पूरा परिवार दो बाइक पर सवार होकर रजरप्पा स्थित माता के मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था।

एक बाइक पर विनय वर्मा, उनका छह माह का बेटा लुभान कुमार, उनकी बेटी निकिता (18) और बच्चों की दादी बैठी हुई थी, जबकि दूसरी बाइक पर विनय वर्मा की पत्नी निशा देवी और उनके एक रिश्तेदार बैठे थे।

इसी बीच बूटी मोड़ से आगे बढ़ने पर विनय वर्मा की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी। इसकी वजह से दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े।

इसी बीच तेज गति से आ रहे एक ट्रक (ओआर14 डब्लू5349) ने दोनों बच्चों और उनकी दादी इंद्राणी देवी को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वे तीनों बुरी तरह से घायल हो गये।

आनन-फानन में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही छह माह के लुभान और उसकी बहन निकिता की मौत हो गयी।

सदर थाना प्रभारी ने बताया कि विनय वर्मा को भी हल्की चोट लगी है और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हैं।

उनका इलाज रिम्स में चल रहा है। ट्रक चालक भागने में सफल रहा। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले को लेकर निशा देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Share This Article