रांची के कुख्यात तीन अपराधियों को अभी नहीं मिलेगी रिहाई, करीब दो दर्जन अपराधियों को जिला बदर करने की तैयारी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi Notorious Criminal : राजधानी रांची के तीन कुख्यात अपराधी (Notorious Criminal) फरहान अंसारी, रंजीत साव और शेख फिरोज पर लगे CCA की अवधि को तीन महीने बढ़ा दिया गया है। साथ ही रांची DC राहुल सिन्हा ने तीनों अपराधियों के लिए जेल से बाहर नहीं निकलने का आदेश जारी किया है।

बताते चलें इन सभी अपराधियों पर हत्या, रंगदारी, जमीन कारोबारी और बिल्डरों द्वारा रंगदारी नहीं देने पर हत्या या उन पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।

करीब दो दर्जन अपराधियों को जिला बदर करने की तैयारी

रांची जिला प्रशासन ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त करीब 24 से अधिक लोगों को जिला बदर करने की तैयारी की है। जिला प्रशासन ने इसके लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

रांची SSP ने रांची DC को दागी व्यक्तियों की सूची उपलब्ध करा दी है। जिसके आधार पर DC ने अपने कोर्ट में कार्रवाई शुरू कर अपराधियों को जिला बदर करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। वहीं रांची SSP ने जिला बदर के साथ-साथ कुछ अपराधियों के थाना हाजिरी का भी प्रस्ताव रांची DC को भेजा है।

जिला प्रशासन इन अपराधियों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दे रहा है। अगर जिला प्रशासन उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ तो जिला बदर और थाना हाजिरी की कार्रवाई की जायेगी।

वहीं इस बार जिला बदर के लिए प्रस्तावित नामों में एक महिला का भी नाम शमिल है, जो जमीन पर कब्जा करने वाली गैंग चलाने के लिए कुख्यात है।

पिछले वर्ष भी रांची जिला प्रशासन (Ranchi District Administration) ने करीब 170 से ज्यादा आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए थाना हाजिरी, जिला बदर और CCA की कार्रवाई की थी।

3 अपराधियों के खिलाफ थाना हाजिरी का प्रस्ताव

रांची SSP ने कुछ अपराधियों के थाना हाजिरी का प्रस्ताव रांची DC को भेजा है। इसमें सूरज करमाली, छोटू रजक और सैयद सरताज शाह का नाम शामिल है।

Share This Article