रांची में जाम पर बड़ा एक्शन प्लान: कचहरी चौक से रातू रोड तक प्रशासन का सख्त निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने की शुरुआत

रांची में ट्रैफिक जाम से राहत के लिए प्रशासन का बड़ा कदम, कई विभागों की संयुक्त टीम ने कचहरी चौक से रातू रोड तक निरीक्षण किया, अतिक्रमण हटाने और पिंक ऑटो योजना पर चर्चा।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई विभागों की संयुक्त टीम ने गुरुवार को प्रमुख इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस टीम में रांची नगर निगम, ट्रैफिक विभाग, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण की शुरुआत सुबह 9 बजे कचहरी चौक से हुई, जो किशोरी यादव चौक, रातू रोड और न्यू मार्केट क्षेत्र तक जारी रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जाम के कारणों, अतिक्रमण, अवैध ऑटो स्टैंड और अन्य यातायात बाधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

कचहरी चौक पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

कचहरी चौक पर पहुंचते ही नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे अवैध कब्जों की वजह से ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।

नागा बाबा खटाल क्षेत्र का निरीक्षण

इसके बाद संयुक्त टीम नागा बाबा खटाल पहुंची, जहां ऑटो स्टैंड और सड़क उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। यहां ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह और अपर नगर आयुक्त संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, नागा बाबा खटाल से किशोरी यादव चौक तक सड़क को चौड़ा करने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। अगर यह योजना लागू होती है तो रातू रोड और आसपास के इलाकों में जाम की समस्या में काफी राहत मिल सकती है।

महिलाओं के लिए पिंक ऑटो सेवा पर चर्चा

निरीक्षण के दौरान यह भी प्रस्ताव सामने आया कि रातू रोड चौक से पिंक ऑटो सेवा शुरू की जाए। इससे महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही शहर की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी मजबूत होगी। इस संयुक्त निरीक्षण में एनएचएआई के अधिकारी भी शामिल रहे। पथ निर्माण विभाग और जिला प्रशासन ने भी ट्रैफिक सुधार को लेकर कई सुझाव दिए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।