Deoghar News: देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को चूना लगाने वाले पांच शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तौहिद अंसारी, दिनेश महरा, अघनु दास, प्रमोद कुमार दास और सुमन कुमार शामिल हैं। इनमें से आरोपी प्रमोद कुमार दास का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ देवघर साइबर थाने में पहले से मामले दर्ज हैं।
ये शातिर अपराधी फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बनकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। ठग लोगों को कैशबैक का लालच देने, गिफ्ट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान योजना का लाभ दिलाने और आसानी से लोन पास कराने का झांसा देकर उनके बैंक खातों से मोटी रकम उड़ा लेते थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच में साइबर ठगी से जुड़े कई अहम और बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।


