Dhanbad News: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में स्थित हीरक मोड़ के पास हुए पेट्रोल पंप लूटकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा है और उनके पास से लूटी गई रकम समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।
सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरी सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे अज्ञात अपराधियों ने हीरक मोड़ स्थित बिरसा पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर धावा बोला था और धमकाकर करीब 80 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और बलियापुर थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों—गोविंदपुर के गायदेहरा निवासी शेख अमन और बिहार के रोहतास निवासी विपुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूट के करीब 80 हजार रुपये, इंडियन ऑयल का कैश बैग, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और एक नकली बंदूक बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शेख अमन का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


