

रांची : राजधानी की सड़कों पर तेज रफ्तार गाड़ी चलाने वाले अब मुसीबत में पड़ सकते हैं। कैमरे की सहायता से उनका चालान कटेगा।





रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर के सभी प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर स्पीड वायलेशन डिटेक्टर (एसवीडी ) कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों की सहायता से 40 और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित गति सीमा पार करते ही आपके वाहन का 1,000 रुपये तक का ऑनलाइन चालान कट जायेगा।
तीन बार से ज्यादा नियम तोड़ने पर लाइसेंस भी रद्द हो सकता है। पुलिस ने इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर भी जारी किया है।
निर्धारित गति सीमा से अधिक गति पाए जाने पर कैमरा वाहन की नंबर प्लेट की पहचान कर ऑनलाइन चालान जारी करेगा। चालान कटने पर इसकी जानकारी वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से भेजी जाएगी।
