
Jharkhand Tribute Ceremony : राजधानी में हर माह के पहले रविवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत धुर्वा गोलचक्कर स्थित अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव समारोह समिति के अध्यक्ष ठाकुर प्रवीर नाथ शाहदेव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर कलीम कुर्ला कबीर, स्वर्गीय नागेश्वर प्रसाद के पौत्र रवि दत्त, सौरभ कुमार, रामजीत महली सहित जगन्नाथपुर क्षेत्र के अनेक सेवायतों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम के दौरान तेलंगा खड़िया, कुंवर सिंह और पांडेय गणपत राय सहित कई गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
इसके साथ ही झारखंड की आस्था के प्रतीक जगन्नाथ मंदिर से जुड़े रात्रि प्रहरी स्वर्गीय बिरसा मुंडा की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने इस घटना को लेकर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय बिरसा मुंडा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

