

Nagpur Mall Incident : महाराष्ट्र के नागपुर शहर में एक मॉल के भीतर लिफ्ट खराब होने से बड़ा हादसा टल गया। सीताबर्डी इलाके स्थित फॉर्च्यून मॉल में अचानक लिफ्ट रुकने से उसमें सवार 6 लोग अंदर फंस गए। काफी देर तक कोई मदद नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर हो गई और लोगों को अपनी जान बचाने के लिए लिफ्ट का कांच तोड़ना पड़ा।





जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब लिफ्ट अचानक बिना किसी चेतावनी के बीच में ही बंद हो गई। अंदर मौजूद लोग एक बंद डिब्बे की तरह फंस गए। कुछ ही देर में ऑक्सीजन की कमी और घुटन के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी।
फंसे हुए लोगों ने बताया कि जैसे-जैसे समय बीतता गया, सांस लेने में दिक्कत और घबराहट बढ़ती गई। लिफ्ट के भीतर हवा का प्रवाह पूरी तरह रुक गया, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई।
पीड़ितों ने मॉल प्रबंधन से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि समय पर कोई सहायता नहीं मिली। देरी के चलते हालात बेकाबू होने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही मॉल में मौजूद अन्य लोगों ने भी विरोध जताया।
आखिरकार, बढ़ते दबाव के बीच लिफ्ट का शीशा तोड़कर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
