
Hazaribagh Bank Loot : हजारीबाग जिले के बरही में हुए चर्चित बैंक लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए 6 राज्यों की पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया।
बताया जाता है कि 24 अप्रैल 2026 को बरही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया था। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर लगभग 4.22 लाख रुपये नकद और करीब 4 किलो सोना लूट लिया था। घटना के बाद सभी कर्मचारियों को स्ट्रॉन्ग रूम में बंद कर आरोपी फरार हो गए थे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के नेटवर्क तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन का सुराग मिला, जिसके आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंची। वहां एसटीएफ के सहयोग से सारनाथ क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 20 लाख रुपये नकद, 900 ग्राम से अधिक सोना, 6 मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो वाहन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस वारदात की योजना 17 अप्रैल को बनाई गई थी, लेकिन उस दिन पुलिस की सतर्कता के कारण अपराधियों ने इसे टाल दिया। बाद में 24 अप्रैल को पूरी तैयारी के साथ लूट को अंजाम दिया गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी जुटाई थी कि बैंक में गोल्ड लोन की सुविधा उपलब्ध है, जिसके बाद इसे निशाना बनाया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पिछले 9 वर्षों में देश के विभिन्न राज्यों में लगभग 96 किलो सोना लूट चुका है और इसके सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं।
फिलहाल, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

