
रांची: रांची विश्वविद्यालय में सत्र में देरी और परीक्षा परिणाम में विलंब के कारण विद्यार्थी परेशानी से नाराज़ हैं। लगातार परीक्षाओं और परिणामों के स्थगित होने से छात्र संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है। इस मामले को लेकर आजसू (AJSU) छात्र संघ और एनएसयूआई (NSUI) ने संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया और चेतावनी दी है। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 3 से 4 दिनों का अंतिम समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो रांची विश्वविद्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
प्रेस वार्ता में आजसू नेता बबलू महतो ने कहा कि ग्रेजुएशन जैसे 3-4 साल में पूरा होने वाले कोर्स को अब 6-7 साल लग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 2 से 3 साल पीछे चल रहा है, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका साल बर्बाद हो रहा है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा।
आमतौर पर अलग-अलग विचारधारा रखने वाले AJSU और NSUI इस मुद्दे पर एकजुट नजर आए। छात्र नेताओं ने साफ कहा कि उनका उद्देश्य केवल छात्रों का हित है और वे इस लड़ाई को राजनीति से ऊपर उठकर लड़ेंगे, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य का सवाल है।
