रांची में बदला मौसम का मिजाज! तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने दिलाई गर्मी से राहत

रांची में अचानक बदले मौसम ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। तेज हवाओं और बारिश से मौसम सुहावना हुआ, जबकि मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए अलर्ट जारी किया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। देखते ही देखते राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश होते ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। आसमान में घने बादल छाने के बाद ठंडी हवाएं चलनी शुरू हुईं। फिर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश की वजह से कुछ समय के लिए सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई, लेकिन मौसम में आई ठंडक ने लोगों के चेहरे पर राहत की मुस्कान ला दी। बारिश के बाद शहर का तापमान गिर गया। फिलहाल मौसम काफी सुहावना हो गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से आने वाले दिनों में प्री-मॉनसून बारिश की संभावना बढ़ गई है। पिछले करीब 15 दिनों से रांची समेत पूरे झारखंड में लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। ऐसे में मौसम के इस बदलाव ने लोगों को राहत पहुंचाई।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों तक रांची और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी से मिली यह राहत फिलहाल अस्थायी है।

आंधी और बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 29 मई से 1 जून तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।