
हिंदी सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री रेखा इस वर्ष भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (IFFM) में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान को सम्मानित करने के लिए महोत्सव में उन्हें विशेष सम्मान दिया जाएगा। यह आयोजन भारतीय फिल्मों और कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले प्रमुख फिल्म समारोहों में से एक माना जाता है। रेखा की मौजूदगी इस वर्ष के समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण मानी जा रही है।
‘उमराव जान’ की होगी विशेष स्क्रीनिंग
रेखा के सम्मान में उनकी प्रतिष्ठित फिल्म ‘उमराव जान’ का विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा। मुजफ्फर अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म रेखा के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। इसी वर्ष फिल्म की रिलीज के 45 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर रेखा ने कहा कि ‘उमराव जान कभी मुझसे दूर नहीं हुई। वह मेरी यादों, मेरी खामोशियों और उन लोगों के दिलों में बसती है, जिन्होंने वर्षों से उसे प्यार दिया है। इस फिल्म को वैश्विक मंच पर सम्मानित होते देखना मेरे लिए बेहद भावुक पल है।’
15 अगस्त को मेलबर्न में फहराएंगी तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को रेखा मेलबर्न में भारतीय समुदाय, ऑस्ट्रेलिया के गणमान्य व्यक्तियों, फिल्मकारों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों के साथ भारतीय तिरंगा ध्वज फहराएंगी। यह समारोह भारतीय संस्कृति और सिनेमा के वैश्विक प्रभाव का प्रतीक माना जा रहा है। भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (IFFM) का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक होगा, जिसमें कई भारतीय फिल्मों की स्क्रीनिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

