
रांची: राज्य के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल रिम्स में पिछले शैक्षणिक सत्र की नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर झारखंड सीआईडी की विशेष टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम के अचानक रिम्स पहुंचने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सीआईडी अधिकारियों ने सीधे डीन कार्यालय का रुख किया और वहां के रिकॉर्ड रूम को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक पिछले सत्र में हुए एडमिशन से संबंधित दस्तावेजों, कंप्यूटर डेटा और विभिन्न फाइलों की गहन जांच की जा रही है। जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है और संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों से पूछताछ भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच की आंच संस्थान के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंच सकती है।
इस पूरे मामले को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की एडमिशन एवं काउंसलिंग प्रक्रिया की जांच के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में नामांकन से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद व्यापक जांच का निर्णय लिया गया। रिम्स में चल रही सीआईडी की कार्रवाई को उसी जांच का हिस्सा माना जा रहा है।

