रांची नगर निगम में फेल हुआ टोकन सिस्टम, लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहे लोग

रांची नगर निगम का टोकन मैनेजमेंट सिस्टम ठप होने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, टैक्स और लाइसेंस कार्यों के लिए बढ़ी परेशानी।

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • 4 साल पहले लोगों की सुविधा के लिए शुरू किया गया था टोकन मैनेजमेंट सिस्टम
  • अब घंटों तक बैठकर लोग काम कराने का कर रहे इंतजार
  • जन सुविधा केंद्रों पर लोगों को भीड़ से बचाने के लिए बनाया गया था सिस्टम

रांची: रांची नगर निगम में लोगों को परेशानी से बचाने के लिए चार वर्ष पूर्व शुरू किया गया टोकन मैनेजमेंट सिस्टम अब फेल हो गया है। लोगों को भीड़ और लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से लागू की गई यह व्यवस्था वर्तमान में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है। इसके कारण विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हालात यह है कि छोटे से छोटे काम के लिए भी लोगों को घंटों तक बैठना पड़ रहा है।

ये काम होते हैं निगम में

नगर निगम कार्यालय में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, नक्शा स्वीकृति समेत अन्य कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। टोकन सिस्टम का उद्देश्य यह था कि लोगों को व्यवस्थित तरीके से उनकी बारी के अनुसार सेवा मिले और उन्हें काउंटरों के सामने भीड़ नहीं लगानी पड़े। वहीं डिसप्ले पर नंबर आने पर एनाउंसमेंट भी किया जाता था। लेकिन हाल के दिनों में यह व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।

महीनों से बंद पड़ी है मशीन

निगम कार्यालय पहुंचने वाले लोगों का कहना है कि अब उन्हें कई घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। टोकन जारी करने वाली मशीन महीनों से बंद पड़ी है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जन सुविधा केंद्रों पर भी स्थिति बेहतर नहीं है। यहां भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सेवाओं के लिए पहुंचते हैं, लेकिन टोकन सिस्टम के प्रभावी संचालन के अभाव में लंबी कतारें लग रही हैं।

लोगों ने नगर निगम प्रशासन से टोकन मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा कर इसे पुनः सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि व्यवस्था को सही तरीके से लागू किया जाए तो लोगों का समय बचेगा और नगर निगम में सेवाएं अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध हो सकेंगी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।