रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की शासी परिषद की 66वीं बैठक हो रही है। इस बैठक में कुल 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे। इनमें रिम्स के निदेशक के सेवा विस्तार का मुद्दा सबसे अहम माना जा रहा है।

वर्तमान निदेशक डॉ. डीके सिंह इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। निदेशक की आगामी सेवा में एक वर्ष का परामर्श और निर्णय लेने का विस्तार दिए जाने का प्रस्ताव है, जिसके लिए रिम्स नियमावली में संशोधन किए जाने पर चर्चा होगी। इस प्रस्ताव के कारण बैठक में परिषद का निर्णय बेहद महत्वपूर्ण होगा।
इन प्रमुख मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में पिछली शासी परिषद की बैठक के निर्णयों की संपुष्टि और उनके अनुपालन पर नजर रखी जाएगी।
रिम्स के पुनर्गठन, नियुक्तियों, वेतन निर्धारण, पदोन्नति और आयुष्मान भारत योजना के संचालन से जुड़े मामलों पर विचार किया जाएगा।
न्यायिक मामलों के लिए अधिवक्ता के पैनल में फेरबदल करने व प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
रिम्स में पदों के पुनर्गठन और नए पदों के सृजन से संस्थान की प्रशासनिक एवं चिकित्सीय व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव पर चर्चा होगी।
साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी संचालन सहित कई अन्य विषयों पर भी मंथन किया जाएगा।


