रिम्स की खबरें देखें एक क्लिक पर, शैक्षणिक व जनजागरूकता गतिविधियों का किया गया आयोजन

रिम्स रांची में नेत्रदान जागरूकता रैली, डिस्लिपिडेमिया पर CME और 53 संविदा पदों पर भर्ती की घोषणा हुई। कार्यक्रमों में जागरूकता, चिकित्सा शिक्षा और रोजगार पर जोर दिया गया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रिम्स में गुरुवार को शैक्षणिक, जनजागरूकता और रोजगार से जुड़ी तीन प्रमुख गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। संस्थान के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (RIO) द्वारा 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत RIO भवन से होकर बरियातू रोड, ट्रॉमा सेंटर, OPD और सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक से गुजरते हुए वापस RIO भवन में संपन्न हुई।

इस रैली का मुख्य उद्देश्य मृत्यु के बाद नेत्रदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के दौरान रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिन्हा, डीन प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा और मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. डॉ. हिरेंद्र बिरुआ सहित डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों समेत लगभग 150 लोगों ने नेत्रदान का संकल्प लेते हुए Pledge Form भरा।

इस अवसर पर निदेशक और चिकित्सा अधीक्षक ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेकर एक मिसाल पेश की। विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति का नेत्रदान दो लोगों के जीवन को रोशन कर सकता है।

RIMS Ranchi2

इसी क्रम में रिम्स में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘Association of Medical Biochemists of India’ (AMBI) के झारखंड चैप्टर द्वारा “Dyslipidemia” विषय पर एक CME का आयोजन किया गया।

इसका उद्घाटन निदेशक डॉ. डी. के. सिन्हा ने किया। उन्होंने स्नातकोत्तर छात्रों के ज्ञानवर्धन के लिए ऐसी गतिविधियों को बेहद जरूरी बताया। CME के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं जैसे डॉ. आभा, डॉ. अभय कुमार, डॉ. क्षितिज, डॉ. प्रज्ञा पंत और डॉ. संतोष कुमार ने डिस्लिपिडेमिया के इलाज, नई दवाओं, उनके साइड इफेक्ट्स तथा किडनी और मस्तिष्क पर पड़ने वाले प्रभावों पर गहन प्रकाश डाला।

दूसरे सत्र में PG छात्रों के लिए पोस्टर प्रदर्शनी और वैज्ञानिक क्विज का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम के लिए झारखंड मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. विमलेश सिंह द्वारा 2 क्रेडिट आवर्स भी प्रदान किए गए हैं।

चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में रिम्स प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण रोजगार अधिसूचना जारी करते हुए कुल 53 संविदा पदों पर भर्ती के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू की घोषणा की है। इन रिक्तियों में ऑपरेशनल मैनेजर (हेल्थ इंश्योरेंस) का 01 पद, फ्लोर को-ऑर्डिनेटर के 12 पद और आरोग्य मित्र के 40 पद शामिल हैं। ये सभी नियुक्तियां एक वर्ष के अनुबंध के आधार पर की जाएंगी।

इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 को सुबह 9:30 बजे से 11:00 बजे के बीच रिम्स निदेशक कार्यालय में अपने मूल दस्तावेजों और स्व-अभिप्रमाणित प्रतियों के साथ रिपोर्ट कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत विवरण और आवेदन का प्रारूप RIMS की आधिकारिक वेबसाइट www.rimsranchi.ac.in पर उपलब्ध करा दिया गया है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।