
रांची : रांची के रिम्स में कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। संस्थान के करीब 1500 स्थायी कर्मचारी पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने से बेहद नाराज हैं। वेतन में लगातार हो रही देरी के खिलाफ मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी रिम्स के वित्त निदेशक के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और जल्द से जल्द वेतन जारी करने की मांग की।
एक हफ्ते का अल्टीमेटम, नहीं तो हड़ताल
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे सामूहिक हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। इस चेतावनी के बाद रिम्स प्रशासन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है। इस विरोध में पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ और अन्य विभागों के स्थायी कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में वेतन भुगतान में देरी पर नाराजगी जताई।

