

रांची: रिम्स स्थित विश्राम सेवा सदन में किराया और सिक्योरिटी मनी कम किए जाने के बाद मरीजों के परिजनों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में 1,800 से अधिक लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया, जबकि पिछले वर्ष यहां प्रतिदिन औसतन करीब 65 लोग ही ठहरते थे। अब मरीज के वैध ओपीडी या आईपीडी पर्ची दिखाने पर पहले सात दिनों तक मात्र 25 रुपये प्रति बेड प्रतिदिन की दर से आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। आठवें दिन से यह शुल्क 50 रुपये प्रतिदिन होगा। पहले शुरुआती सात दिनों के लिए 100 रुपये और उसके बाद 150 रुपये प्रतिदिन देने पड़ते थे। इसके अलावा, रिफंडेबल सिक्योरिटी मनी 500 रुपये से घटाकर 200 रुपये कर दी गई है।





करीब 5,034 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस विश्राम सेवा सदन का निर्माण 2019 में शुरू हुआ था और जुलाई 2024 में इसका उद्घाटन हुआ। अधिकारियों के अनुसार यहां हर वर्ष लगभग 90 हजार लोगों को लाभ मिल सकता है। हालांकि, रियायती दरों के बावजूद बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन अब भी इस सुविधा से अनजान हैं। जानकारी के अभाव में कई परिवार अस्पताल के बाहर निजी लॉज और होटलों में अधिक किराया चुकाने को मजबूर हैं।
रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. शिशिर ने बताया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ती आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किराया और सुरक्षा राशि में कमी की गई है। उन्होंने कहा कि शुल्क घटने के बाद विश्राम सेवा सदन में ठहरने वालों की संख्या बढ़ी है, लेकिन अब भी जागरूकता की कमी बड़ी चुनौती है। इसके लिए सूचना प्रसार को और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक मरीजों के परिजन इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
