रांची: रिम्स रांची के स्किन डिपार्टमेंट में 25 जून को वर्ल्ड विटिलिगो डे’ के मौके पर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। विभाग के एचओडी डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में विटिलिगो (सफेद दाग) को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और मरीजों का मनोबल बढ़ाना है। डॉ प्रभात ने बताया कि इस वर्ष वर्ल्ड विटिलिगो डे का थीम रंग बदला है जज़्बा नहीं रखा गया है।

डॉ प्रभात ने बताया कि विटिलिगो एक ऑटो-इम्यून विकार (autoimmune disorder) है, जिसमें त्वचा का रंग बदलने लगता है और पिगमेंटेशन कम होने के कारण त्वचा पर दूध जैसे सफेद धब्बे दिखाई देने लगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक कॉस्मेटिक समस्या नहीं है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विटिलिगो कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है। यह किसी भी उम्र, जाति, मूलजाति या लिंग के व्यक्ति को हो सकती है, इसलिए मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का सामाजिक भेदभाव नहीं होना चाहिए।

बचाव के बताए गए उपाय
कार्यक्रम के माध्यम से बीमारी के प्रमुख लक्षणों और उपचारों पर भी प्रकाश डाला गया। उन्होंने ओपीडी में आने वाले मरीजों को बताया कि त्वचा के रंग में धब्बों जैसा बदलाव आना, समय से पहले बालों का सफेद या ग्रे होना और मुंह या नाक के भीतर की परत (टिश्यू) का रंग बदलना इसके मुख्य लक्षण हैं। मेडिकल साइंस में अब इसका प्रभावी इलाज उपलब्ध है, जिसमें लगाने व खाने की दवाएं, फोटोथेरेपी (प्रकाश विधि द्वारा उपचार) और उन्नत सर्जिकल तकनीक शामिल हैं। उन्होंने सलाह दी है कि त्वचा को कटने, जलने या छिलने से बचाएं। इसके अलावा, स्वस्थ व संतुलित भोजन करें, तनाव मुक्त रहें और टैटू बनवाने से बचें क्योंकि इससे जोखिम बढ़ सकता है।


