गोड्डा में महिला की हत्या के विरोध और मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गोड्डा: जिले में बुधवार को हुई महिला की हत्या के विरोध में और मुआवजे की मांग को लेकर गुरुवार को मृतका के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मोतिया ओपी थाना पर शव को दो घंटे तक रखकर सड़क पर जाम लगा दिया।

साथ ही पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में मोतिया गांव की महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।

मौके पर पहुंचे सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार, मोतिया ओपी प्रभारी मनोरंजन कुमार, एएसआई आर के सिंह ने पीड़ित स्वजनों से बात कर 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी।

इसमें प्रशासन ने 15 हजार एवं मोतिया के पंकज मंडल और अशोक चौधरी आदि ने मिलकर 10 हजार रुपये का सहयोग दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को मोतिया निवासी सुनील पंडित की 40 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी जलावन के लिए सुखी लकड़ी लाने सुबह आठ बजे गांव से कुछ दूर नयाबाद जंगल में अकेले गई थी।

वह दोपहर तक घर वापस नहीं आई। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो जंगल में उसकी लाश मिली।

अज्ञात बदमाशों ने गला रेत कर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। हालांकि, पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही हत्यारोपितों तक पहुंच जाएगी।

Share This Article