
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां बगडेहरी थाना क्षेत्र में कुएं से तीन अज्ञात शव बरामद किए हैं। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना को लेकर बताया जा रहा कि स्थानीय ग्रामीणों ने कुएं में शवों को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, कुएं से तीनों शवों को बाहर निकाला और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि शव बहुत बुरी तरह से सड़-गल चुके थे। पुलिस के अनुसार, शव काफी पुराने लग रहे हैं और अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण फिलहाल उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शारीरिक बनावट के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतकों में लगभग चार साल की एक बच्ची, 13 से 14 साल के बीच का एक लड़का और करीब 35 से 40 साल का एक पुरुष शामिल है।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड भी मिला है, जिसे जांच के लिए एक अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस फिलहाल आधार कार्ड पर मिली जानकारियों के आधार पर मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारियां चल रही हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हत्या का मामला है या इस घटना के पीछे कोई और वजह है। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक, मृतकों की आधिकारिक पहचान अभी तक नहीं हो पाई थी।

