रांची: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रेलवे में नौकरी पाने का अच्छा मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने विभिन्न आइसोलेटेड कैटेगरी के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए कुल 191 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 4 दिसंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।

किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
- चीफ लॉ असिस्टेंट : 17 पद
- पब्लिक प्रॉसिक्यूटर : 21 पद
- सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर : 8 पद
- जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) : 79 पद
- स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर : 27 पद
- साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) : 3 पद
- लैब असिस्टेंट ग्रेड-III (केमिस्ट एवं मेटलर्जिस्ट) : 36 पद
किस पद के लिए कितनी है आयु सीमा?
इस भर्ती में उम्मीदवारों की उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अलग-अलग पदों के लिए उम्र की सीमा तय की गई है।

- चीफ लॉ असिस्टेंट : 18 से 40 वर्ष
- पब्लिक प्रॉसिक्यूटर : 18 से 32 वर्ष
- सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर : 18 से 33 वर्ष
- जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी) : 18 से 33 वर्ष
- स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर : 18 से 33 वर्ष
- साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग) : 18 से 35 वर्ष
- लैब असिस्टेंट ग्रेड-III : 18 से 30 वर्ष
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू : 5 नवंबर
- आवेदन की अंतिम तिथि : 4 दिसंबर, रात 11:59 बजे तक
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 6 दिसंबर
- आवेदन में सुधार का मौका : 7 दिसंबर से 16 दिसंबर
कैसे करें आवेदन?
- सबसे पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट [rrb.indianrailways.gov.in](https://rrb.indianrailways.gov.in) पर जाएं।
- भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन खोलें और उसमें दी गई सभी जानकारियां ध्यान से पढ़ें।
- इसके बाद आवेदन की वेबसाइट [rrbapply.gov.in](https://www.rrbapply.gov.in) पर जाएं।
- मांगी गई जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- आवेदन फॉर्म में अपना नाम, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण सही-सही दर्ज करें।
- जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या PDF अपने पास सुरक्षित रख लें।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार के पास आवेदन की अंतिम तारीख तक संबंधित पद के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। जिन उम्मीदवारों का फाइनल रिजल्ट अभी जारी नहीं हुआ है और वे केवल रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, वे इस भर्ती के लिए आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे। इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य जरूरी शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें।
आगे कैसे होगा चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए किया जाएगा। कुछ पदों के लिए ट्रांसलेशन टेस्ट भी आयोजित किया जा सकता है। परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और भर्ती की अन्य जरूरी प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। CBT, ट्रांसलेशन टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीखें रेलवे भर्ती बोर्ड बाद में जारी करेगा।


