राजधानी कीव से महज 30 किलोमीटर दूरी पर मौजूद रूसी सेना, दूसरे दिन भी जारी ताबड़तोड़ गोलीबारी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कीव: यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के दूसरे दिन भी रूसी सेना ताबड़तोड़ गोलीबारी जारी रखे हुये है। रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव से महज 30 किलोमीटर दूरी पर मौजूद हैं और राजधानी पर लगातार मिसाइल बरसा रहे हैं।

रूस और यूक्रेन की लड़ाई अत्यधिक गंभीर स्थिति में पहुंच चुकी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति का कहना है कि रूस के हमले में अब तक 137 लोग मारे जा चुके हैं।

इनमें 10 सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं हमले में अब तक 316 लोग घायल हुए हैं। वहीं रूसी सैनिक लगातार आगे बढ़ रहे हैं। वे यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जे की कोशिश में है।

युद्ध के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को रूसी सेना ने सुबह चार बजे से कीव पर मिसाइल हमले करने शुरू कर दिये।

राजधानी कीव में रूसी क्रूज मिसाइल ने यूक्रेन के एक लाड़ाकू जेट को मार गिराया। प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से विभिन्न सूत्रों से आ रही खबर के मुताबिक कीव में आसमान से आग बरसती हुई दिखाई दे रही है।

रूसी सेना लगातार कीव के नजदीक पहुंच रही है और वह महज राजधानी कीव से 30 किलोमीटर दूर है।

इसके अलावा यूक्रेन के कोनोटोप को रूस की सेना ने चारों तरफ से घेर लिया है। हमला इतना तेज रहा कि सिर्फ चालीस मिनट के भीतर कीव पर तीन दर्जन मिसाइलें दागी गईं।

इससे कीव में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया है। बचाव कार्यों में भी समस्या पैदा हो रही है।

Share This Article