
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ, जिसमें मालदा रेल मंडल के टीटीआई प्रकाश कुमार मिश्रा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय प्रकाश कुमार फरक्का एक्सप्रेस से मालदा अपनी ड्यूटी जॉइन करने जा रहे थे, तभी वे ट्रेन से गिर गए। घटना बरहड़वा रेलवे स्टेशन के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डाउन फरक्का एक्सप्रेस के मालदा की ओर रवाना होने के कुछ ही देर बाद प्लेटफॉर्म संख्या दो के नीचे रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। तुरंत रेलवे कर्मियों और आरपीएफ को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने घायल टीटीआई को बरहड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रकाश कुमार मिश्रा मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के मुलुक टांड़ गांव के निवासी थे और मालदा रेल मंडल में टीटीआई के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी ड्यूटी जॉइन करने के लिए फरक्का एक्सप्रेस से जा रहे थे, लेकिन उसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही प्रकाश कुमार के परिजन बरहड़वा के लिए रवाना हो गए। पुलिस और रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
