
Sahibganj Firing : जिरवाबाड़ी थाना के साक्षरता चौक के पास यज्ञ मेला का आयोजन किया गया था। इस बीच रात के 12 बजे अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में शिव कुमार (19 वर्षीय) गंभीर तौर पर घायल हो गया। इस घटना के बाद मेले में भगदड़ मच गई।
शिव कुमार चानन के निवासी हैं, जोकि मेले में बच्चों के खिलौने की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मेले में वह दुकान समेट कर खाना खा रहे थे।
इस दौरान अचानक चली गोली उनके चेहरे के पास ठुड्डी में लगी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें फौरन सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि गोली लगने के कारण जबड़े की हड्डी टूट गई है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग के कारणों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।

