
Ranchi University Exam Calendar : रांची विश्वविद्यालय ने बी.ए., बी.एससी. और बी.कॉम. (सत्र 2024-28) के छात्रों के लिए संभावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर में सेमेस्टर 2 से लेकर सेमेस्टर 8 तक की परीक्षाओं से जुड़ी जरूरी तारीखों की जानकारी दी गई है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया मई, सितंबर, दिसंबर, मार्च और जुलाई के अलग-अलग हफ्तों में तय की गई है। साथ ही, देर से फॉर्म भरने वालों के लिए अलग तिथियां और शुल्क भी निर्धारित किया गया है। परीक्षा निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने बताया कि थ्योरी परीक्षाएं जून, अक्टूबर, जनवरी, अप्रैल, अगस्त, दिसंबर और मई के विभिन्न हफ्तों में आयोजित होंगी। वहीं प्रैक्टिकल, वाइवा और वोकेशनल परीक्षाएं थ्योरी परीक्षा खत्म होने के 7 से 10 दिनों के अंदर संबंधित कॉलेजों द्वारा कराई जाएंगी।
रिजल्ट को लेकर भी एक संभावित समय सीमा तय की गई है। सेमेस्टर 2 का परिणाम अगस्त 2026 के दूसरे सप्ताह में, सेमेस्टर 3 का नवंबर 2026 के चौथे सप्ताह में, सेमेस्टर 4 का फरवरी 2027 के चौथे सप्ताह में जारी हो सकता है।
इसी तरह सेमेस्टर 5 का जून 2027 के तीसरे सप्ताह, सेमेस्टर 6 का अक्टूबर 2027 के तीसरे सप्ताह, सेमेस्टर 7 का फरवरी 2028 के दूसरे सप्ताह और सेमेस्टर 8 का जुलाई 2028 के तीसरे सप्ताह में रिजल्ट आने की संभावना है।
विश्वविद्यालय ने साफ किया है कि यह कैलेंडर फिलहाल संभावित है। जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है। इसलिए छात्रों को समय-समय पर अपडेट लेते रहना चाहिए।

