
पटना: बिहार की राजनीति में आज एक अहम दिन है। सम्राट चौधरी बुधवार सुबह 10:50 बजे पटना के लोकभवन में राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बिहार के इतिहास में यह पहली बार होने जा रहा है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा है।
सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगे। खास बात यह है कि आज के कार्यक्रम में केवल इन तीन नेताओं का ही शपथ ग्रहण होगा। हालांकि, नई एनडीए सरकार बनने के बाद भी कैबिनेट में अभी 33 मंत्री पद खाली रहेंगे, जिन पर आगे फैसला लिया जाएगा। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े नेता शामिल होंगे। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाएगी।

