Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजमहल थाना क्षेत्र के टिक्काटोला गांव में गुरुवार देर शाम एक 15 वर्षीय किशोरी को गोली मार दी गई। घटना के समय किशोरी अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली किशोरी के पैर में लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।


