साक्षी ने ओलंपिक पदक विजेता को हराया, जादुमणि भी जीते

साक्षी चौधरी ने एशियाई खेलों में पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ऐरा विलेगास को 5-0 से हराया, जबकि जादुमणि सिंह ने भी शानदार जीत दर्ज की।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

निशियो (जापान): भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने मंगलवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता फिलीपींस की ऐरा विलेगास को 5-0 से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया जबकि पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) भी आगे बढ़ने में सफल रहे।

भिवानी की 26 वर्षीय मुक्केबाज साक्षी ने अपनी लंबाई और अच्छी पहुंच का फायदा उठाते हुए शुरुआत से ही विलेगास को दूर रखा और उन्हें हावी नहीं होने दिया।

जादुमणि ने भी नेपाल के चंद्र बहादुर थापा पर 5-0 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और अंतिम 16 में जगह बनाई जहां उनका सामना फिलिपींस के तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता कार्लो पालाम से होगा।

साक्षी जल्दी ही हावी हो गई। भारतीय मुक्केबाज ने दूसरे राउंड में तेजी दिखाई और मुक्कों की बौछार कर दी। इस दौरान विलेगास उनकी गति और फुर्ती का मुकाबला करने के लिए संघर्ष कर रही थी।

फिलिपींस की बाएं हाथ की मुक्केबाज ने इस बीच जवाबी हमले भी किए और कुछ जोरदार हुक लगाए लेकिन यह पर्याप्त नहीं थे क्योंकि सभी पांचों जजों ने साक्षी को हर राउंड में पूरे 10 अंक दिए।

साक्षी ने इस तरह से 51 किलोग्राम वर्ग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

वह मई में 54 किलोग्राम वर्ग से नीचे आई और उन्होंने चयन ट्रायल में दो बार की विश्व चैंपियन और पिछली बार की कांस्य पदक विजेता निकहत ज़रीन को हराया।

पूर्व जूनियर और युवा विश्व चैंपियन साक्षी ने पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता जादुमणि ने थापा के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया। दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे पर मुक्के बरसाए, लेकिन जादुमणि के वार अधिक साफ और सटीक थे।

उन्होंने रिंग के चारों ओर अपनी गतिविधियों से खेल को नियंत्रित किया, जिससे थापा को बैकफुट पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

तीसरे राउंड में जादुमणि ने बाएं हाथ से जोरदार मुक्का जड़ा जिसके बाद रेफरी ने गिनती शुरू कर दी थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।