
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के सारंडा जंगल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां IED विस्फोट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। हाथी की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिससे वन विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घायल हाथी के रेस्क्यू और इलाज की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि जंगल में पहले से बिछाए गए विस्फोटक के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी अन्य वन्यजीव को नुकसान न पहुंचे। वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हाथी की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। विशेषज्ञों की टीम उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश कर रही है। आसपास के इलाकों में अतिरिक्त गश्ती भी शुरू कर दी गई है।

