सऊदी अरामको का सितंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 36.3 अरब डॉलर पर

सऊदी अरामको का तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 36.3 अरब डॉलर पहुंचा, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और रिफाइनरी मार्जिन में सुधार से कंपनी को फायदा हुआ।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

फ्रैंकफर्ट : प्रमुख तेल कंपनी सऊदी अरामको ने मंगलवार को कहा कि तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 36.3 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। कंपनी ने एक साल पहले की समान तिमाही में 26.9 अरब डॉलर का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। सऊदी अरब की कंपनी ने एक बयान में कहा कि मलेशिया की सरकारी तेल कंपनी पेट्रोनास को अपनी रिफाइनिंग एवं पेट्रोरसायन कंपनी पीआरईएफकेम में हिस्सेदारी बेचने से भी उसे लाभ हुआ। इस हिस्सेदारी बिक्री के एकमुश्त प्रभाव को हटाने पर कंपनी का समायोजित शुद्ध लाभ नौ प्रतिशत बढ़कर 31.2 अरब डॉलर रहा।

आलोच्य़ तिमाही में कंपनी को कच्चे तेल को डीजल जैसे उपयोगी उत्पादों में बदलने वाली अपनी रिफाइनरियों में बेहतर लाभ मार्जिन से भी फायदा हुआ। अरामको के मुताबिक, ईरान युद्ध शुरू होने के बाद आपूर्ति में व्यवधान और संघर्ष को लेकर अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। इस बीच, जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी ने औसतन 95.20 डॉलर प्रति बैरल की दर से तेल बेचा, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह कीमत 70.10 डॉलर प्रति बैरल थी।

युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों की आवाजाही पर खतरा बढ़ गया था। ऐसे में अरामको ने लाल सागर के यानबू बंदरगाह तक जाने वाली अपनी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन के जरिये तेल निर्यात का बड़ा हिस्सा जारी रखा। इस पाइपलाइन पर 10 सितंबर को हमला हुआ था, लेकिन इसमें फिर से आपूर्ति शुरू हो गई है। कंपनी ने कहा कि ओमान के तट के पास अमेरिका की सुरक्षा वाले समुद्री गलियारे के जरिये भी सऊदी तेल का परिवहन हो रहा है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।