
रांची : जामताड़ा की सविता मुर्मू ने अपने शानदार प्रदर्शन से रजत पदक हासिल कर झारखंड का नाम रोशन किया है। पहली खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य के लिए रजत पदक जीता। इससे पहले 2025-26 में भुवनेश्वर के कलिंगा में आयोजित जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इसके अलावा नेशनल स्कूल गेम्स में भी वह रजत पदक जीत चुकी हैं।
निरंतर अभ्यास और कोच का मार्गदर्शन बना सफलता की कुंजी
सविता मुर्मू झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर की निवासी हैं और पिछले 6–7 वर्षों से शांतु एथलीट कोचिंग कैंप में भाला फेंक का नियमित अभ्यास कर रही हैं। वह अपने कोच छोटेलाल कामत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं, जिनका उनके प्रदर्शन को निखारने में अहम योगदान रहा है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
बता दें कि यह खेल प्रतियोगिता 30 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित की गई थी, जिसमें 1 अप्रैल को भाला फेंक स्पर्धा संपन्न हुई। इस स्पर्धा में सविता ने 43.12 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं ओडिशा की धनमंत्री ने 44.79 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुजरात की गमीत ने 41.77 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
लगातार पदकों से बनाई पहचान
सविता मुर्मू ने वर्ष 2023 से अब तक कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2023 में उन्होंने स्टेट गेम्स में स्वर्ण पदक, ईस्ट जोन गेम्स में पदक और तमिलनाडु में आयोजित जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2024 में यूथ नेशनल गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। वर्ष 2025 में स्टेट जनरल प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद अब खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में रजत पदक हासिल कर उन्होंने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है।

