मुंबई में मंगलवार को फिल्म काकटेल 2 के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेता शाहिद कपूर ने एक ऐसा बयान दिया जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिल्मों में अक्सर बड़े कलाकारों को कम उम्र के किरदार निभाते देखा जाता है और इसी मुद्दे पर शाहिद ने खुलकर अपनी राय रखी। 19 जून को रिलीज होने जा रही फिल्म में शाहिद कुछ कॉलेज आधारित दृश्यों में नजर आएंगे, जहां उन्हें किशोर छात्र के रूप में दिखाया गया है।
कॉलेज स्टूडेंट का किरदार निभाने में होती है शर्म
शाहिद कपूर ने हंसते हुए कहा कि कॉलेज वाले सीन करना उनके लिए काफी शर्मिंदगी भरा होता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपने बच्चों से पहले ही माफी मांगना चाहते हैं। अभिनेता के मुताबिक, जब उनके बच्चे बड़े होंगे तो शायद उनसे पूछें कि 45 साल की उम्र में वह आखिर कॉलेज के छात्र की भूमिका क्यों निभा रहे थे। शाहिद का यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
हर तरह की भूमिकाएं निभाना पसंद है
हालांकि शाहिद ने यह भी स्पष्ट किया कि एक अभिनेता के रूप में वह हर प्रकार के किरदार निभाने का आनंद लेते हैं। उनका मानना है कि अभिनय की खूबसूरती ही यही है कि कलाकार अपनी वास्तविक उम्र और व्यक्तित्व से अलग-अलग किरदारों को जीवंत बना सके। यही वजह है कि वह चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं को स्वीकार करने से पीछे नहीं हटते।


