एफटीए से गोवा के काजू, नारियल को मिलेंगे नए वैश्विक बाजार : शिवराज

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों से गोवा के काजू और नारियल को वैश्विक बाजार मिलेंगे, जबकि स्थानीय उत्पादन, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पणजी : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से गोवा के काजू और नारियल को वैश्विक बाजारों तक पहुंच मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय उपज की ब्रांडिंग कर उसका दुनिया भर में निर्यात किया जाना चाहिए। चौहान ने पोंडा में आयोजित ‘सेवा की कहानी-सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में कहा कि राज्य के कृषि उत्पादों का उत्पादन स्थानीय स्तर पर होना चाहिए, युवाओं को उनकी ब्रांडिंग करनी चाहिए और उनका विपणन पूरे भारत तथा विश्व स्तर पर होना चाहिए।

इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक सहित अन्य लोग उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”गोवा बाहर से चीजें आयात नहीं करेगा। गोवा यहीं उत्पादन करेगा, यहां के किसान उत्पादन करेंगे, युवा ब्रांडिंग करेंगे और गोवा के उत्पादों को न केवल गोवा के लोगों तक बल्कि पूरे भारत और पूरी दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि गोवा अपने काजू के लिए जाना जाता है और यहां नारियल, मसालों, सब्जियों तथा अन्य कृषि उत्पादों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

भारत के व्यापार समझौतों का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे समझौते विदेशी बाजारों में भारतीय किसानों के लिए बड़े अवसर तैयार करेंगे। उन्होंने कहा, ”गोवा का काजू और नारियल शून्य आयात शुल्क पर ओमान जाएगा और यूरोपीय संघ (ईयू) के सभी देशों में भी पहुंचेगा।” चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार पुराने नारियल बागानों के पुनरुद्धार, उत्पादकता बढ़ाने और खेती के तहत रकबा बढ़ाने के लिए नारियल संवर्धन योजना पर काम कर रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।