नई दिल्ली: दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी से होकर गुजरने वाली यमुना नदी के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। उन्होंने कहा कि ओखला बैराज के पास जहां भी झाग की समस्या सामने आती है, उसके समाधान के लिए दिल्ली सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बातचीत कर रही है। सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के उन आरोपों को खारिज किया कि श्रद्धालुओं को उन स्थानों पर छठ पूजा मनाने के लिए मजबूर होना पड़ा, जहां नदी झाग से ढकी हुई थी।

उन्होंने कहा, ”छठ पूजा श्रद्धा के साथ मनाई गई और तैयारियों को लेकर लाखों लोग बेहद खुश थे। भाजपा ने पूर्वांचल के लोगों का दिल जीत लिया है, यह देखकर ‘आप’ को पीड़ा हो रही है।” मंत्री ने कहा कि यमुना दिल्ली में 52 किलोमीटर तक बहती है और इस पूरे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित ओखला बैराज के पास जहां भी झाग दिखाई देता है, उस समस्या के समाधान के लिए दिल्ली सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बातचीत कर रही है।



