श्रावणी मेला 2026 में नहीं मिलेगी VIP एंट्री! रविवार-सोमवार को शीघ्रदर्शन कूपन भी बंद, प्रशासन का बड़ा फैसला

श्रावणी मेला 2026 में रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शन कूपन बंद रहेगा, जबकि VIP-VVIP पूजा पर भी रोक होगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए फैसला लिया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर: श्रावणी मेला 2026 को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासनिक भवन में जिला प्रशासन और तीर्थ पुरोहित समाज के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर व्यवस्था और संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) सौरभ भुवानिया और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने अपनी ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर जिला प्रशासन ने सहमति जताई।

रविवार और सोमवार को नहीं मिलेगा शीघ्रदर्शन कूपन

बैठक में तय किया गया कि इस बार श्रावणी मेले के दौरान रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम कूपन की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी। इन दोनों दिनों में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहती है, इसलिए व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

VIP और VVIP पूजा व्यवस्था भी रहेगी बंद

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मेले के दौरान VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न पूजा की कोई व्यवस्था नहीं होगी। सभी श्रद्धालुओं के लिए समान व्यवस्था लागू रहेगी, ताकि दर्शन प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रविवार और सोमवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी पांच दिनों में श्रद्धालु रात 8 बजे तक बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर सकेंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना, भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करना और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखना है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।